सड़क किनारे लहूलुहान मिले पिता पुत्र
कासगंज। सैलई मार्ग पर रात के समय पिता-पुत्र घायल अवस्था में पड़े मिले। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए अलीगढ़ रेफर कर दिया है। पुलिस मामले को हादसा मानकर रही है। जबकि परिवारीजन लूट की घटना बता रहे हैं।
तिलक सिंह निवासी रेखपुर अपने पुत्र राहुल के साथ शनिवार को देर रात बाइक से कासगंज से अपने गांव लौट रहे थे। संदिग्ध अवस्था में दोनों घायल हो गए। जब राहगीरों ने उन्हें लहूलुहान अवस्था में सड़क किनारे पड़ा देखा तो मामले की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को जिला चिकित्सालय पहुंचाया। सूचना मिलने पर एएसपी पवित्र मोहन त्रिपाठी सीओ शैलेंद्र लाल मौके पर पहुंच गए। परिवारीजन भी जिला चिकित्सालय पहुंचे।
सीओ का कहना है कि दोनों हादसों का शिकार हुए हैं। जबकि परिवारीजनों का कहना है कि बदमाशों ने बाइक रुकवा ली और मारपीट शुरू कर दी, सरिया से सिर पर प्रहार कर दिया। जिससे दोनों घायल हो गए। बदमाश उनके पास मौजूद 28000 रुपये की नकदी मोबाइल ले गए।