आगरा के ट्रांसयमुना क्षेत्र के एक युवक से 'शून्य' नामक एप पर निवेश के बहाने साइबर अपराधियों ने 12.58 रुपये की ठगी कर ली। पीड़ित की शिकायत पर थाना साइबर क्राइम में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
अमर कुंज निवासी चन्द्र प्रकाश जैन ने बताया कि 17 जून 2025 को व्हाट्सएप पर एक अनजान नंबर से संदेश आया। संदेश में 'शून्य' नामक एप के माध्यम से शेयर बाजार में निवेश पर भारी मुनाफा कमाने का लालच दिया गया। शुरुआत में थोड़े निवेश पर लाभ मिलने के बाद उन्होंने 11 जुलाई को 15 हजार व 43,500 रुपये, 18 जुलाई को 2 लाख , 25 जुलाई को 4 लाख और 29 जुलाई को 6 लाख रुपये जमा किए।
कुल 12.58 लाख रुपये निवेश करने के बाद एप पर बनाए खाते में 37.04 लाख रुपये दिख रहे थे। उन्होंने रकम निकालने का प्रयास किया, तो बहाने बनाकर टाल दिया गया। इसके बाद ग्रुप के अन्य सदस्यों के मोबाइल नंबर बंद मिले। उन्होंने साइबर थाना पुलिस से संपर्क किया।
साइबर ठगी से बचाव के लिए बरते सावधानियां
डीसीपी वेस्ट और साइबर क्राइम प्रभारी आदित्य कुमार ने बताया कि ऑनलाइन ठगी के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। उन्होंने नागरिकों से किसी भी अज्ञात लिंक, मैसेज या व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से आने वाले निवेश, केवाईसी अपडेट, पेंशन, या इनाम संबंधी प्रस्तावों पर तुरंत भरोसा न करने की अपील की है। बैंक या सरकारी संस्थाएं कभी भी फोन, व्हाट्सएप या एपीके फाइल से गोपनीय जानकारी नहीं मांगतीं। अनजान स्रोत से भेजी गई एपीके फाइल डाउनलोड या इंस्टॉल करने से बचें। बैंक खाते, ओटीपी, सीवीवी, पिन, पासवर्ड या जन्मतिथि जैसी संवेदनशील जानकारी किसी के साथ साझा न करें। मोबाइल और इंटरनेट बैंकिंग में मजबूत पासवर्ड रखें तथा दो-स्तरीय सुरक्षा को सक्रिय करें।