कासगंज। गंजडुंडवारा के ग्राम चिरोला में मासूम की हत्या के मामले में पुलिस ने उसकी अस्थियों को जांच के लिए प्रिजर्व करा लिया है। अभी पुलिस मुख्य आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर सकी है। जबकि पुलिस फरार आरोपियेां की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।
गांव चिरोला निवासी सोनू (4) पुत्र सुनील कोहिनूर को विगत 24 अप्रैल को घर के बाहर खेलते समय अगवा कर लिया गया था। सोमवार को उसका शव गांव के शिव मंदिर के पीछे एक खेत में क्षत विक्षत हालत में पड़ा मिला था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या गला काटने से होने की बात सामने आई है। हालांकि अन्य तथ्यों की जानकारी के लिए पुलिस ने उसकी अस्थियों को प्रिजर्व करा लिया है। इधर, पुलिस ने मामले में नामजद चार आरोपियों में से एक आरोपी मुवीन को गिरफ्तार कर पूछताछ की। पूछताछ में रंगशाला के दौरान झगड़े और कब्रिस्तान की जगह का विवाद निकल कर सामने आया है। मामले में नामजद मुख्य आरोपी गांव के हीअकरम, अब्दुल हसन, अब्दुल अभी तक पुलिस की पकड़ में नहीं आ सके है। सीओ गवेंद्र पाल गौतम ने बताया कि पुलिस फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है, लेकिन इनमें से कोई आरोपी अभी पुलिस की गिरफ्त में नही आ सका है। मासूम की अस्थियों को प्रिजर्व कराया गया है, जिन्हें जांच के लिए लैब भेजा जाएगा। मुख्य आरोपी के पकड़े जाने के बाद ही हत्या के सही कारण सामने आ सकेंगे।