आज चुनावी रण को रवाना होंगे मतदान कार्मिक
- फोटो : अमर उजाला
एटा। अलीगंज रोड स्थित मंडी परिसर से आज पोलिंग पार्टियां कड़ी सुरक्षा में अलीगंज के लिए मतदान प्रपत्रों के साथ रवाना होंगी। संभागीय परिवहन विभाग ने 300 भारी और हल्के वाहन अधिग्रहीत कर मंडी और पुलिस लाइन में खड़े कर दिए हैं। रविवार को इन्हीं वाहनों से पोलिंग पार्टियों संग सुरक्षा कर्मी अलीगंज के मतदान केंद्रों के लिए रवाना होंगे। वहीं पुलिस विभाग ने पीएसी, पुलिस, होमगार्ड, अर्धसैनिक बलों के लिए ड्यूटी चार्ट तैयार कर सौंप दिए हैं।
अलीगंज विस क्षेत्र में चुनाव प्रचार का शोर थमते ही शनिवार को जिला प्रशासन और पुलिस मतदान के लिए पोलिंग पार्टियां रवाना करने की तैयारी में जुट गया है। मतदान प्रपत्र मंडी परिसर में पहुंच चुके हैं। अलीगंज के 413 बूथों के लिए दो हजार कर्मी मतदान प्रपत्र और ईवीएम और वीवीपैट लेकर कड़ी सुरक्षा में रवाना होंगे। संभागीय परिवहन विभाग ने बस और ट्रक जैसे भारी वाहन और हल्के वाहन अधिग्रहीत कर जिला प्रशासन को सौंप दिए हैं। अधिग्रहीत वाहन पुलिस लाइन और मंडी में खड़े कर दिए गए हैं। शनिवार को डीएम आईपी पांडेय और एसएसपी स्वप्निल ममगाई ने सुरक्षा बलों के साथ पुलिस लाइन में बैठक कर उनकी जिम्मेदारियां समझाईं। पुलिस ने विभाग ने पुलिस, पीएसी और अर्धसैनिक बल के जवानों के लिए डयूटी चार्ट तैयार कर दिए हैं।
बूथों पर की जा रहीं तैयारियां
जिला प्रशासन ने अलीगंज के बूथों पर तैयारियां तेज कर दी हैं। 10 आदर्श बूथों को सजाने और संवारने का काम तेजी से चल रहा है। वहीं पोलिंग पार्टियों को भी बूथ की साज सज्जा को लेकर कड़े निर्देश दे दिए गए हैं।