मथुरा। गोविंद नगर क्षेत्र की नई बस्ती कॉलोनी में चारपाई के नीचे अंगीठी रखकर सो रहे बीमार युवक की जलकर मौत हो गई। परिवार के लोगों को भी तड़के चार बजे घटना की जानकारी हो पाई।
गोविंद नगर क्षेत्र में वृंदावन रेलवे लाइन नई बस्ती निवासी बबलू (40) पुत्र खुदाबक्श ठेला लगाकर परिवार चलाता था। छह माह पूर्व से वह टीबी से पीड़ित था। रविवार की रात को ठंड ज्यादा लग रही थी लिहाजा चारपाई के नीचे अंगीठी जला ली थी। बबलू कमरे से बाहर बरामदे में सो रहा था जबकि परिवार के लोग दूसरे कमरे में सो रहे थे। रात को किसी वक्त अंगीठी से निकली चिंगारी से चारपाई में आग लग गई।
इस आग में बबलू की जलकर मौत हो गई। परिवार वालों को तड़के चार बजे धुआं होने पर घटना का पता चला। सूचना पर गोविंद नगर पुलिस पहुंच गई और अधजले शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। थानाध्यक्ष गोविंद नगर बैजनाथ सिंह ने बताया कि बबलू बीमारी के चलते बहुत कमजोर था। चारपाई में आग लग जाने से उसकी मौत हो गई। शव का पोस्टमार्टम कराया है।