मथुरा। रेलवे स्टेशन पर दिन रात यात्रियों का सामान उठाने वाले कुलियों ने रेल मंत्री से ग्रुप डी की नौकरी की मांग की है। मथुरा जंक्शन पर आए ऑल इंडिया रेलवे लाल वर्दी कुली यूनियन के मीडिया प्रभारी गोलू ठाकुर ने कुलियों के साथ बैठक की।
उन्होंने कहा कि कुली रेलवे में सैकड़ों साल से यात्रियों को सुविधा दे रहे हैं। अब रेलवे हाईस्पीड ट्रेन चलाने की स्थिति में पहुंच गई, लेकिन कुलियों के लिए कोई सुविधा नहीं दी।
उन्होंने रेलवे में ग्रुप डी में नौकरी देने, मेडिकल अनफिट कुलियों को रेलवे कार्यालयों में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी बनाने की मांग की। उन्होंने कहा कि फरवरी में आने वाले रेल बजट में कुलियों के लिए यह घोषणा की जाए।
इस दौरान मथुरा में कुली यूनियन के अध्यक्ष यादराम सिंह, लाखन सिंह बघेल, शशि कपूर, ओमवीर सिंह, अलीशेर, बंटी, डीनसेन, लेखराज, अनीता, मीनू सैनी, इकबाल प्रमुख रूप से मौजूद रहे।