मथुरा। आगरा-दिल्ली हाईवे पर प्रेम होंडा एजेंसी के पास ट्रक की टक्कर से एक्टिवा सवार युवक-युवती की मौत हो गई। युवक-युवती रिफाइनरी के मैकडोनाल्ड से घर लौट रहे थे। पुलिस की मानें तो दोनों दोस्त थे।
थाना गोविंदनगर के मंडीरामदास की गली पातीराम निवासी मोहित गोयल (23) पुत्र राजीव गोयल और गली ठठेरान निवासी एकता शर्मा (22) पुत्री प्रमोद कुमार शर्मा एक्टिवा से मैकडोनाल्ड गए थे। वहां से लौटते वक्त प्रेम होंडा के पास पीछे से आए एक तेज रफ्तार ट्रक ने एक्टिवा में टक्कर मार दी। चालक ट्रक को छोड़कर भाग खड़ा हुआ।
सूचना पर पहुंची हाईवे पुलिस ने देखा तो मोहित की मौत हो चुकी थी, जबकि गंभीर रूप से घायल एकता को नयति हास्पिटल में भर्ती कराया। यहां एक घंटे बाद युवती ने भी दम तोड़ दिया। हाईवे पुलिस की सूचना पर पहुंचे युवक और युवती के परिजनों में कोहराम मचा रहा।
पोस्टमार्टम पर पहुंचे परिजनों को रो-रोकर बुरा हाल था। प्रभारी निरीक्षक अनूप सरोज ने बताया कि सड़क हादसे में युवक और युवती की मौत हुई है, जो कि दोनों दोस्त थे। मृतक के भाई नितिन गोयल ने मुकदमा दर्ज कराया है।