लाखों की आबादी को गंगाजल का करना होगा इंतजार
फिरोजाबाद। जेड़ाझाल परियोजना से गंगाजल मिलने का अभी लाखों की आबादी को इंतजार करना पड़ेगा। पेयजल टंकियों से जिन घरों तक गंगाजल पहुंचना है। उनमे से आधा दर्जन नई टंकियों की अभीतक लाइन की सफाई नहीं हुई है।
जेड़ाझाल परियोजना से 22 वार्डों में गंगाजल पहुंचाने का काम जलनिगम की अस्थाई द्वितीय डिवीजन कर रही है। जलनिगम के अधिकारी इस महत्वपूर्ण काम में लापरवाही बरत रहे हैं। द्वितीय डिवीजन ने लाखों की आबादी को गंगाजल मुहैया कराने के लिए खेड़ा गणेशपुर, लालपुर, रानीनगर, दीदामई, श्रीराम कालोनी, सती आश्रम, सैलई में ओवरहैड, सीडब्लूआर बनवाए गए हैं।
लेकिन काम में लापरवाही के चलते अभी तकइन टंकियों की लाइनों की सफाई का काम पूरा नहीं हो पाया है। यही नहीं टंकियों को जोड़ने के लिए अभीतक कई क्षेत्रों में पाइप लाइन डालने का काम अधूरा पड़ा है। ऐसी स्थिति में इन क्षेत्रों से जुड़ी जनता को गंगाजल के लिए अभी और इंतजार करना पड़ेगा।
जेड़ाझाल परियोजना के तहत घंटाघर से चंद्रवार गेट तक पाइप लाइन पड़नी है। डीएम की अनुमति मिलने पर जलनिगम ने 27 सितंबर से पांच अक्तूबर तक दिन-रात काम करने के बाद घंटाघर से अग्रवाल धर्मशाला तक लाइन डालने का काम कर लिया है। अभी अग्रवाल धर्मशाला से चंद्रवार गेट तक लाइन डालने का काम अधूरा है। पाइप लाइन नहीं पड़ने से संतनगर, लेबर कालोनी, कोटला मोहलला, आजाद नगर, रामनगर, बासठ, प्रेमपुर रैपुरा, नगला विश्नु क्षेत्र में गंगाजल नहीं पहुंचा है।