सिरसागंज। करहल रोड पर नवविवाहिता की हत्या कर शव फंदे पर लटकाने के बाद ससुरालीजन फरार हो गए। मायके पक्ष के लोगों ने पांच लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है।
पुलिस को सूचना मिली की करहल रोड पर पानी की टंकी के पास एक घर में महिला का शव फांसी के फंदे पर लटका है परिवार के लोग फरार हैं। मौके पर पहुंची पुलिस तो अंजली यादव पत्नी कृष्णा यादव का शव आधा बेड पर था और आधा फंदे पर लटका था। घर का सामान और मवेशी लेकर परिवार फरार हो चुका था। मौके पर पहुंचे अंजली के पिता धर्मेन्द्र निवासी घिरोर जनपद मैनपुरी ने कहा कि मार्च में अंजली की शादी हुई थी। आरोप है कि आए दिन उसका पति, ससुर, सास और ननद मारपीट करते थे।
दहेज मे बाइक, सोने की चेन और नगदी की मांगते थे। एक बार दोनों परिवारों और रिश्तेदारों की पंचायत हुई थी। पिता ने बताया कि रंक्षाबंधन पर अंजली मायके आने के बाद ससुराली जाने को तैयार नहीं थी, लेकिन उसके पति ने आगे से ऐसी गलती नहीं होने की बात कही तो उन्होंने बुधवार को अंजली को ससुराल भेज दिया। जब शुक्रवार को अंजली की मौत की खबर मिली तो होश उड़ गये। पिता धर्मेन्द्र ने पति सहित पांच ससुरालियों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है।