मथुरा। गोवर्धन की गिरि तलहटी में अनंत चतुर्दशी 23 सितंबर को होने वाले तीन दिवसीय विराट छप्पन भोग के लिए प्रमुख समाजसेवी राघवेंद्र गर्ग को मुख्य संयोजक चुना गया है। महोत्सव में 210 कुंतल गाय के घी से छप्पनभोग तैयार होगा।
जंक्शन रोड स्थित कृष्ण सभागार में हुए कार्यक्रम का शुभारंभ आयोजक श्री गिरिराज सेवा समिति के संस्थापक मुरारी अग्रवाल ने गिर्राज जी की छवि के समक्ष दीप प्रज्जवलित कर किया। अध्यक्षता दीनानाथ अग्रवाल ने की। महामंत्री अशोक कुमार आढ़ती ने बताया कि 21 सितंबर शाम 5 बजे गोवर्धन की सप्तकोसीय परिक्रमा में ब्रज के डोले के साथ प्रभु को आमंत्रण दिया जाएगा।
22 सितंबर को सात नदियों के जल, कामधेनु गाय के दूध, जड़ी-बूटियों से पंचामृत महाभिषेक होगा। शाम 7 बजे स्वामी हरिदास संगीत समारोह में सांस्कृतिक संध्या होगी। 23 सितंबर को चांदी के रथ पर गिरिराज प्रभु के चतुर्भुज स्वरूप दर्शन होंगे। इस दौरान राजेन्द्र सर्राफ , मुरारी सरन सर्राफ, दिनेश सादाबाद, कन्नू अग्रवाल, महावीर अग्रवाल, दिनेश मार्बिल, अमित मार्बिल, राकेश गर्ग, नितिन अग्रवाल, अंकित शोरा, अंशुल शोरा, भगवान दास खंडेलवाल, राजीव अग्रवाल, अंकित बंसल आदि मौजूद रहे।