फिरोजाबाद/जसराना। जसराना नगर पंचायत के सामने बुधवार रात को भाजपा-सपा समर्थकों में विवाद और मारपीट हो गई। मारपीट में दोनों पक्षों के चार लोग घायल हो गए। सपा समर्थक की हालत गंभीर होने के कारण उसको प्राइवेट ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया है। पुलिस ने घायल वंशी ठाकुर के भाई की तहरीर पर जसराना चेयरमैन के रिश्तेदार सहित चार के खिलाफ अभियोग दर्ज कर लिया है।
बुधवार देर रात जसराना के टीकेतपुरा निवासी वंशी ठाकुर नगर पंचायत कार्यालय के बाहर खड़ा था। इसी दौरान शुभम सैनी, पारस जैन, कपिल लोधी और चेयरमैन के साले से विवाद होने पर दोनों पक्षों के बीच मारपीट हो गई। बचाव के लिए वंशी सब्जी मंडी की ओर भागा तो यहां के निवासी मुकीम खान आए। उनके साथ भी मारपीट की गई।
वंशी ठाकुर के परिजनों का आरोप है कि आरोपियों ने पिस्टल की बट और बियर की बोतलों से मारपीट की। बाद में फायरिंग करते हुए फरार हो गए। मारपीट में घायल वंशी ठाकुर और मुकीम को पीएचसी जसराना पर ले गए। लेकिन वंशी की हालत खराब होने पर प्राइवेट ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया है। वंशी ठाकुर के चचेरे भाई विकास की तहरीर पर शुभम सैनी, पारस, कपिल लोधी और चेयरमैन के साल के खिलाफ अभियोग दर्ज कर लिया है।
इधर मारपीट के इस मामले में दूसरे पक्ष से मोहल्ला बनियात निवासी पारस जैन, अरेलनगर निवासी शुभम सैनी का मेडिकल जिला अस्पताल में कराया है। मेडिकल के दौरान जसराना चेयरमैन अवनीश गुप्ता, भाजपा नेता सत्यपाल सिंह राजपूत, डा. अखिलेश शर्मा, देवेश भारद्वाज आदि मौजूद थे। जसराना एसएचओ ने कहा दो पक्षों में मारपीट हुई है। अभियोग दर्ज करके कार्रवाई की जा रही है।