वृंदावन (मथुरा)। यमुना के जलस्तर में बुधवार को भी वृद्धि देखी गई। यमुना किनारे बसी कई कालोनियों में यमुना का पानी प्रवेश कर गया। जिससे लोगों को और परेशानी में डाल दिया है। कई परिवार पहले ही पलायन कर चुके हैं, लेकिन बचे हुए लोगों को अनहोनी की आशंका सता रही है।
लगातार बढ़ रहा यमुना का जलस्तर थमने के नाम नहीं ले रहा है। यमुना किनारे शहर की कई कालोनियों में पानी भर गया है। लोग पानी में प्रवेश कर घरों में रखा सामान निकालने की कोशिशें करते देखे गए। कई मकानों को क्षति होने का समाचार है।
स्थानीय कालीदह निवासी अशोक शर्मा, केशवदेव, नए मोरकुटी के पीछे बसी कालोनी निवासी सियाराम, शंकर शर्मा, सतीश, खोकन विश्वास जैसे अन्य लोगों के मकान चहुंओर पानी से घिरे हैं। कई परिवार पास की गौरानगर कालोनी में सगे संबंधियों के यहां रहने चले गए हैं। वहीं कुछ परिवार सड़क किनारे रहकर ही जलस्तर के कम होने का इंतजार करते देखे गए।
डीएम, एसएसपी ने किया निरीक्षण, पीएसी को किया अलर्ट
वृंदावन। वृंदावन में बढ़ रहे यमुना के जलस्तर का बुधवार दोपहर डीएम सर्वज्ञ राम मिश्रा और एसएसपी बबलू कुमार ने निरीक्षण किया। अधिकारियों ने वृंदावन के पानीगांव संपर्क मार्ग से श्याम कुटी, चैतन्य कुटी, टटिया स्थान, श्मशान घाट और केशीघाट का निरीक्षण किया। डीएम सर्वज्ञराम मिश्रा ने कहा कि ऐतिहात के तौर पर हम लोग यमुना के निचले स्थानों पर निगाह बनाए हैं। किसी भी परिस्थिति से निपटने के लिए प्रशासन तैयार है। वैसे अभी बाढ़ के हालात नहीं हैं। उन्होंने केशीघाट पर तैनात की गई एक प्लाटून पीएसी के जवानों को हर समय अलर्ट रहने के आदेश दिए हैं।
यमुना में नाव संचालन पर रोक, चलेगा स्टीमर
वृंदावन। यमुना के बढ़े जलस्तर को देखते हुए डीएम सर्वज्ञराम मिश्रा ने निजी नावों के संचालन पर रोक लगाने के आदेश दिए हैं। उन्होंने कहा कि यमुना में लोगों को लाने ले जाने के लिए सरकारी स्टीमर ही चलेंगे।