फिरोजाबाद। कासगंज में तिरंगा यात्रा को निकालने के दौरान हुए बवाल के बाद जिले में पुलिस प्रशासन अलर्ट है। शहर की मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में फोर्स तैनात है। अधिकारी पैदल गश्त करने के साथ हर गतिविधि पर नजर रखे हुए हैं। जुमा की नमाज के दौरान सदर बाजार स्थित जामा मस्जिद के साथ प्रमुख मस्जिदों के आस-पास फोर्स सक्रिय रहा।
एसएसपी डा.मनोज कुमार ने एसपी सिटी राजेश सिंह, सीओ सिटी डा.अरुण कुमार सिंह के साथ शहर में पैदल गश्त किया। शांति कमेटी की बैठक करने के साथ मिश्रित क्षेत्र में फोर्स तैनात रहा। नगर के सदर बाजार में स्थित जामा मस्जिद में नमाज के दौरान एसपी सिटी, थानाध्यक्ष उत्तर लोकेश भाटी, एसएसआई अनिल कुमार, उप निरीक्षक फारुक अहमद, प्रभारी निरीक्षक दक्षिण विनोद कुमार, एसएसआई प्रहलाद सिंह अपनी टीम के साथ बाजारों में सक्रिय थे।
हाजीपुरा स्थित मस्जिद, कटरा पठानान स्थित शाही मस्जिद के साथ जाटवपुरी चौराहे पर पुलिस फोर्स तैनात रहा। एसपी ने कहा कि जुमा की नमाज के दौरान सुरक्षा के लिहाज से फोर्स तैनात किया गया था।