फिरोजाबाद। बिजली के बिल जमा करने के लिए शुक्रवार को उपभोक्ता भटकते नजर आए। शहर में विभिन्न स्थानों पर स्थापित कैश काउंटर बंद होने से उन्हें बैरंग लौटने को मजबूर होना पड़ा।
दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम लि. द्वारा उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए ऑनलाइन बिलिंग व्यवस्था लागू की गई है। लखनऊ की एचसीएल कंपनी द्वारा बिल जमा करने का सॉफ्टवेयर तैयार किया गया है। विद्युत विभाग द्वारा निर्गत बिल जमा कराने के लिए लेबर कालोनी स्थित मुख्य कार्यालय, रामनगर, गांधीपार्क, रसूलपुर, आसफाबाद, पुरुषोत्तम बिहार, एसएन, सुहागनगर सहित अन्य स्थानों पर कैश काउंटर बनाए गए हैं।
शुक्रवार को सुबह जब उपभोक्ता बकाया बिल जमा करने पहुंचे तो कैश काउंटर बंद मिले। सुहागनगर, बाइपास स्थित एसएन सबस्टेशन, गांधीपार्क, लेबर कालोनी सबस्टेशनों पर उपभोक्ता बिल जमा करने के इंतजार में खड़े दिखे। सबस्टेशन पर तैनात कर्मचारियों से कैश काउंटर खुलने के संबंध में पूछा तो बताया कि आज सर्बर बंद होने के कारण काउंटर बंद हैं। हालांकि दोपहर दो बजे के बाद एचसीएल कंपनी द्वारा साफ्टवेयर अपडेट कर चालू कर दिया।