मथुरा। छेड़छाड़ से दुखी किशोरी स्कूल नहीं गई। प्रयोगात्मक परीक्षा भी छूट गई। शनिवार को किशोरी अपने परिवार वालों के साथ एसपी सिटी से मिली और आरोपी पर कार्रवाई की मांग की। मुकदमा दर्ज होने के बाद भी पुलिस आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर पाई है।
बरसाना निवासी 10वीं की छात्रा को स्कूल जाते वक्त एक नाबालिग परेशान करता है। आए दिन उससे छेड़छाड़ की जाती है। युवक को समझाने की कई दफा कोशिश हुई लेकिन वह बाज नहीं आ रहा है।
छात्रा के पिता ने युवक के खिलाफ 19 जनवरी को थाना बरसाना में छेड़छाड़ का मुकद्दमा भी दर्ज करा दिया था। 25 दिन बीतने के बाद भी बरसाना पुलिस आरोपी को पकड़ने में नाकाम रही। छात्रा शनिवार को अपनी प्रयोगात्मक परीक्षा भी नहीं दे पाई। छात्रा इतनी घबराई हुई है कि वह स्कूल नहीं गई। पीड़ित परिवार शनिवार को पुलिस लाइन सभागार में पहुंचा। यहां पर एसपी सिटी श्रवण कुमार सिंह को आपबीती सुनाई। टेंपो चालक पिता ने पांचों बेटियों की सुरक्षा की मांग की। इस पर एसपी सिटी ने जल्द आरोपियों को गिरफ्तार करने के निर्देश बरसाना पुलिस को दिए। कार्यवाहक थाना प्रभारी मनोज कुमार का कहना है कि आरोपी नाबलिग है। इसकी गिरफ्तारी जल्द की जाएगी।