फिरोजाबाद/टूंडला। कानपुर रेलखंड पर इकदिल रेलवे स्टेशन के पास विक्रमशिला एक्सप्रेस का इंजन फेल होने से ट्रेन ढाई घंटे खड़ी रही। ट्रेन को मालगाड़ी का इंजन लगाकर रवाना की गई। इस दौरान राजधानी सहित करीब एक दर्जन ट्रेनें प्रभावित रहीं और ट्रेन में सवार यात्री परेशान रहे।
भागलपुर से आनंद बिहार जा रही 12367 विक्रमशिला एक्सप्रेस का सोमवार सुबह 10.45 बजे करीब इकदिल रेलवे स्टेेशन के पास पहुंचते ही इंजन फेल हो गया। रेल चालक ने घटना की जानकारी टूंडला नियंत्रण कक्ष को दी। सूचना मिलते ही नियंत्रण कक्ष ने पीछे आ रही मालगाड़ी का इंजन लगाकर ट्रेन चलाने के निर्देश दिए।
मालगाड़ी से ट्रेन को पुश कर इटावा लाया गया। इसके बाद विक्रमशिला में मालगाड़ी का इंजन लगाकर दोपहर डेढ़ बजे करीब ट्रेन रवाना की गई। इसके चलते हावड़ा-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस, कानपुर शताब्दी एक्सप्रेस, झारखंड स्वर्ण जयंती एक्सप्रेस, सियालदह राजधानी एक्सप्रेस, मंडुआडीह स्पेशल, गरीबरथ एक्सप्रेस, रीवा एक्सप्रेस सहित बारह ट्रेनें प्रभावित रहीं।