मथुरा। इस बार बोर्ड की प्रयोगात्मक परीक्षाओं में जुगाड़बाजी नहीं चलेगी। सीसीटीवी कैमरे के सामने परीक्षक विद्यार्थी से सवाल पूछेंगे। जिन विद्यालयों में सीसीटीवी नहीं हैं वहां मोबाइल से वीडियो बनाई जाएगी।
बोर्ड की प्रयोगात्मक परीक्षाओं में अंकों का खेल पुराना है। परीक्षक को खुश करने के नाम पर छात्र-छात्राओं से खुलेआम धनराशि ली जाती है। शानदार खातिरदारी होती है और फिर वर्षभर प्रयोगशाला तक नहीं जाने वाले छात्रों को मनमाने अंक दे दिए जाते हैं।
इस बार माध्यमिक शिक्षा परिषद ने इस खेल पर शिकंजा कसने की व्यवस्था की है। परीक्षकों की सूची को ऑनलाइन जारी किया जा रहा है। इतना ही नहीं प्रयोगात्मक परीक्षाओें को सीसीटीवी कैमरों के सामने करवाने के आदेश दिए हैं। इसके अलावा जिन विद्यालयों कैमरे नहीं हैं वहां मोबाइल से वीडियो बनवाकर साइट पर अपलोड करने को कहा है।
जिला विद्यालय निरीक्षक अरुण कुमार दुबे ने बताया सभी परीक्षाएं कैमरे के सामने करवाई जाएंगी। इसके लिए आदेश जारी कर दिया है।