एटा। जिला पंचायत स्थित जनेश्वर मिश्र सभागार में डीएम अमित किशोर ने गुरुवार को लोकवाणी केंद्र, जन सेवा केन्द्र तथा सीएससी केंद्र संचालकों को निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि जिले में हर ग्राम पंचायत में जन सेवा केन्द्र स्थापित करने का काम चल रहा है। ग्रामीण लोगों को डिजिटल साक्षर करने की जरूरत है।
डीएम ने कहा कि विभिन्न प्रमाणपत्र बनवाने के लिए लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। डीएम ने प्रधानमंत्री ग्रामीण डिजिटल साक्षरता मिशन, स्वच्छ भारत मिशन सहित केंद्र और प्रदेश शासन के अन्य जन कल्याणकारी कार्यक्रमों में सहयोग देने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि निर्धारित शुल्क से अधिक लेने की शिकायत मिलने पर दोषी संचालकों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
अपर जिलाधिकारी प्रशासन सतीश पाल, उप जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर तथा ब्रजेश कुमार सिंह, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी संजय कुमार, ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर अविरल तिवारी, जिला समन्वयक निखिल माहेश्वरी ने संचालकों को डिजिटल साक्षरता ने संबंधित तमाम जानकारियां मुहैया कराईं।
डब्लूएसएससीसी के जिला समन्वयक विजय वर्मा ने संचालकों को जियो टैगिंग के बारे में जानकारी दी। इस मौके पर चैतन्य गौतम समेत तमाम सीएसी संचालक मौजूद रहे।