मथुरा। फर्जी खाद्य सुरक्षा अधिकारी की गिरफ्तारी के बाद व्यापारियों ने जो आरोप लगाए उसके बाद क्षेत्रीय खाद्य सुरक्षा अधिकारी को हटा दिया गया है। व्यापारियों का कहना है कि खाद्य सुरक्षा अधिकारी बाहरी लोगों को साथ लेकर चेकिंग करती थीं। इस मामले की जानकारी करने अपर आयुक्त खाद्य भी मथुरा पहुंचे।
महानगर के सौंख रोड स्थित हैंडपंप वाली गली में दुकानदारों से तीन दिन पहले खाद्य अधिकारी का फर्जी सहायक बनकर उगाही करने गए श्याम सुंदर शर्मा नाम के युवक को पकड़ लिया था। व्यापारियों ने कहा था कि श्याम सुंदर शर्मा दिवाली पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी के साथ चेकिंग करने भी आया था। यह खुलासा होने के बाद चेकिंग के नाम पर वसूली का बड़ा खेल सामने आया था। मामले की गंभीरता को भांपते हुए अपर आयुक्त खाद्य विनीत यादव भी सोमवार को मथुरा आए। उन्होंने यहां इस पूरे मामले की जिला अभिहीत अधिकारी चंदन पांडेय से जानकारी की।
जिला अभिहीत अधिकारी चंदन पांडेय ने बताया कि इस पूरे मामले में खाद्य सुरक्षा अधिकारी मनीषा शर्मा को संबंधित कार्य क्षेत्र से हटाकर कार्यालय जिला मुख्यालय से संबद्ध कर दिया गया है। साथ ही आरोपी खाद्य सुरक्षा अधिकारी को स्पष्टीकरण के लिए नोटिस जारी कर दिया है। तीन दिन में इसका जवाब देना होगा।