आगरा।डा. भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय में आंध्रप्रदेश के कृषि विभाग से आने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के प्रमाणपत्रों की जांच के लिए कमेटी बनाई गई है। तीन सदस्यीय कमेटी प्रमाणपत्रों का सत्यापन कराएगी। सत्यापन और संशोधन के लिए बड़ी संख्या में आवेदन आ रहे हैं।
आंध्रप्रदेश सरकार ने कृषि विभाग में एक कमेटी बनाई है।
इसको दूसरे राज्यों की बीएससी कृषि की डिग्री लगाने वाले प्रत्येक अधिकारियों और कर्मचारियों के प्रमाणपत्रों के सत्यापन की जिम्मेदारी दी गई है। कमेटी ने विभिन्न विश्वविद्यालयाें की डिग्री लगाने वाले करीब 300 अधिकारियों और कर्मचारियों को नोटिस जारी किया है। इनके प्रमाणपत्रों को संदिग्ध माना गया है। सभी संबंधित विश्वविद्यालय में डिग्री का सत्यापन कराने और कमियों को दूर कराने के लिए पहुंच रहे हैं। निर्धारित समय पर रिपोर्ट विभाग में न उपलब्ध कराने पर नौकरी भी जा सकती है।
विश्वविद्यालय के जनसंपर्क अधिकारी डा. गिरजाशंकर शर्मा ने बताया कि कमेटी में उप कुलसचिव, गोपनीय शमीम अहमद, उप कुलसचिव परीक्षा, सिंधीराम और डीन रिसर्च प्रो. राजेश धाकरे शामिल हैं। यह कमेटी विशेष परिस्थिति के लिए बनाई गई है। आंध्रप्रदेश के कृषि विभाग का बहुत स्टाफ विश्वविद्यालय में प्रमाणपत्राें का सत्यापन कराने के लिए आ रहा है। उनको परेशान न होना पड़ा, इसके लिए कमेटी बनाई गई है।