टूंडला। रेलवे परिक्षेत्र को बिना किसी बाधा के विद्युत आपूर्ति दिए जाने के लिए रेलवे ने उत्तर प्रदेश पॉवर कारपोरेशन से 33 केवी लाइन बिछाने के लिए अनुमोदन किया था। इसके लिए टीटीजेड विद्युत अधिकारियों के माध्यम से करीब दो करोड़ का ठेका आगरा के विद्युत ठेकेदार नीरू को दिया गया था।
एत्मादपुर बुढ़िया के ताल से रेलवे कंपनी बाग टूंडला तक करीब चार किमी लंबी 33केवी की विद्युत लाइन को ठेकेदार ने जून में पूरा करते हुए विद्युत कारपोरेशन के अधिकारियों को सौंप दिया था। इसके बाद उत्तर प्रदेश पॉवर कारपोरेशन के हवाले कर दिया था।
रेलवे अधिकारियों की मानें तो उक्त विद्युत लाइन शुरू होने के 24 घंटे के अंदर ही डैमेज हो गई थी। उसके बाद बीच में लाइन सही करने की बात कहते हुए फिर से चालू की गई तो तुरंत ही लाइन में फाल्ट आ गया था। तब से लेकर अब तक उक्त लाइन चालू नहीं की जा सकी है।
रेलवे विद्युत सब-स्टेशन के एसएसई दिनेश कुमार ने बताया कि लाइन को सही कराने के लिए यूपीपीसीएल के एसडीओ व एक्सईएन को कई बार लिखा जा चुका है। वहीं एसडीओ विद्युत अनिल शर्मा ने बताया कि विभागीय अधिकारियों को उन्होंने मामले से अवगत करा दिया है।