सोरों(कासगंज)।
सोरों सूकर क्षेत्र को तीर्थस्थल घोषित करने की मांग को लेकर चलाया जा रहा अमर उजाला अभियान गति पकड़ रहा है। सूकर क्षेत्र के बाशिंदे लगातार सहभागिता करके इस मांग को बल दे रहे हैं। जिले के प्रभारी मंत्री सुरेश पासी को सूकर क्षेत्र के बाशिंदों एवं भाजपाईयों ने ज्ञापन सौंपकर इसे तीर्थस्थल घोषित किए जाने की मांग की। अभियान के तहत पौराणिक एवं एतिहासिक महत्व को लेकर प्रकाशित की गई खबरों के फोल्डर को प्रभारी मंत्री को सौंपा।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि मैं तीर्थनगरी के लोगों की आवाज का वाहक बनूंगा और इस मामले को मुख्यमंत्री तक पहुंचाया जाएगा। ज्ञापन देने गए लोगों ने कहा कि अब तक सरकारें इस क्षेत्र की उपेक्षा करतीं आईं हैं। भगवान वराह के अवतार एवं तुलसीदास के जन्म व अन्य ऐतिहासिक पौराणिक जानकारियां प्रभारी मंत्री को दी गईं। इसके बाद उन्होंने प्रतिनिधि मंडल को भरोसा दिया कि वह इसका पूरा प्रस्ताव बनाकर मुख्यमंत्री को सौंपेंगे।
इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष पूर्णेंद्र सिंह सोलंकी, योगेश कुमार चौधरी, संजय कुमार दुबे, मनोज कुमार भारद्वाज, आदित्य काकोरिया, देवेंद्र दुबे,डा. राधाकृष्ण दीक्षित, महेश चंद्र त्रिवेदी, राजेश चंद्र,धर्मेंद्र वार्ष्णेय, विवेक महेरे, कृष्ण बल्लभ, राजू ब्रह्मभट्ट, लालाराम शर्मा, सुधांशु शर्मा, प्रमोद चौहान, गिरीश वार्ष्णेय, यशोधर रावत, गुरूदत्त निर्भय, कृष्ण कुमार भारद्वाज आदि मौजूद रहे।
संत तुलसीदास म्युनसीपल इंटर कॉलेज के छात्र भी इस अभियान का हिस्सा बने। स्कूल के शिक्षक और छात्रों ने कस्बे में रैली निकालकर मुख्यमंत्री से सोरों को तीर्थस्थल का दर्जा देने की मांग की। सरकार की उपेक्षा पर शिक्षकों, छात्रों ने रोष जाहिर किया। छात्र तीर्थस्थल की मांग के स्लोगन की तख्तियां उठाए थे। यह कार्यक्रम शिक्षक संजय बड़गैंया के नेतृत्व में संपन्न हुआ। कॉलेज के शिक्षक अनूप कांत, नितिन कुमार, नीरज सक्सेना, मनोज कुमार, देेवेंद्र दुबे सहित कॉलेज के छात्र मौजूद रहे।