आगरा। एसएन मेडिकल कालेज में प्रसूति एवं स्त्री रोग विभाग के बिल्डिंग के निर्र्माण का ठेका जिस गणपति मेगा बिल्डर को दिया गया था, उसके खिलाफ कानपुर में उत्तर प्रदेश औद्योगिक विकास निगम (यूपीएसआईडीसी) के ओर मुकदमा भी दर्ज कराया गया है। इसके बावजूूद यहां जल निगम की सीएनडीएस शाखा के अफसरों ने आंख बंद कर रखी हैं।
बिल्डर पर कार्रवाई नहीं की गई है। गणपति मेगा बिल्डर के खिलाफ यूपीएसआईडीसी ने फर्जी एफडीआर के मामले में मुकदमा दर्ज कराया है। बताया गया है कि गणपति मेगा बिल्डर ने आगरा विकास प्राधिकरण की यूनियन बैंक आफ इंडिया से जारी सात एफडी लगाकर सरस्वती सिटी में दो ठेके हासिल किए थे। जब एफडीआर की जांच कराई गई तो ये फर्जी निकलीं। एक एफडीआर में तो एक भी पैसा जमा नहीं था।
यूपीएसआईडीसी ने निर्माण सामग्री जब्त कर ली थी। बुधवार को एसएन मेडिकल कालेज में हुई घटना के बाद अब सीएनडीसी शाखा के अधिकारी परेशान है। प्रोजेक्ट मैनेजर आरके शर्मा ने बताया कि ठेकेदार के खिलाफ नोटिस जारी किया है। उन्होंने बताया कि पूरे भवन की तकनीकी जांच कराई जाएगी। इसके बाद जो भी कमियां पाई जाएंगी उन्हें दुरुस्त कराया जाएगा। यहां भी गणपति बिल्डर की एफडीआर और अनुभव प्रमाण पत्र की जांच कराई जाएगी।