मथुरा। आनंद लोक कालोनी में एक शिक्षक के परिवार को बेहोश कर बदमाश घर से एक लाख के जेवरात और कार ले गए। परिवार वालों को चोरी की जानकारी भी सुबह को हुई। घर वालों का कहना है कि इतनी गहरी नींद में थे कि कोई आहट नहीं हुई। इससे माना जा रहा है कि बदमाशों ने किसी स्प्रे का इस्तेमाल किया है। पुलिस भी संभावना व्यक्त कर रही है।
थाना हाईवे के गोवर्धन मार्ग पर श्रीजी बाबा विद्या मंदिर के पीछे गेटबंद कालोनी आनंदलोक है। इस कालोनी में शिक्षक पूर्णेंद्र बाबू शर्मा अपने परिवार के साथ रहते हैं। पूर्णेंद्र बाबू ने जो मुकदमा दर्ज कराया है उसमें कहा है कि शनिवार की रात को चोर दीवार फांदकर घर में घुस आए और कूलर के पानी में कोई नशीला स्प्रे डाल दिया था। कूलर के पास से ऐसी गंध भी आ रही थी। क्योंकि जिस तरह से घर वालों की आंख नहीं खुली उससे साफ है कि नशीला स्प्रे किया गया है। चोरों ने एक लाख रुपये के जेवरात, छह हजार रुपये की नकदी और दो मोबाइल चोरी किए हैं। चोर घर के बाहर खड़ी कार को भी ले गए।
इसके बाद चोरों ने दिल्ली में तैनात आईबी अफसर वेदप्रकाश गौतम के घर को भी निशाना बनाया। चोर यहां से 22 हजार रुपये की नकदी एवं दो मोबाइल चोरी कर ले गए। शिक्षक के मकान में चोरी का मुकद्दमा दर्ज कर लिया गया है। प्रभारी निरीक्षक गिरीश चंद तिवारी ने बताया कि मुकद्दमा दर्जकर चोरों की तलाश की जा रही है।