आगरा। यूपी स्टेट स्टूडेंट ओलंपिक के दूसरे दिन माउंट लिट्रा जी स्कूल में स्केटिंग, ताइक्वांडो और द इंटरनेशनल स्कूल ऑफ आगरा में बैडमिंटन, टेनिस बाल क्रिकेट प्रतियोगिता हुई। ताइक्वांडो में आगरा के खिलाड़ियों का जलवा रहा। पांच खिलाड़ियों ने स्वर्ण पदक प्राप्त किया।
अंडर-14 बालिका वर्ग के 32 किलोग्राम भारवर्ग में कीर्ति और अंडर-17 बालक के 60 किलोग्राम से अधिक भारवर्ग में संस्कार वर्मा ने स्वर्ण पदक जीता। अंडर-14 बालक वर्ग में 32 किलोग्राम में निश्चल सिंह, 36 किलोग्राम में तुषार भारद्वाज और 44 किलोग्राम में आशीष शर्मा ने स्वर्ण पदक प्राप्त किया। पांचों खिलाड़ी आगरा के हैं।
बालिका वर्ग के अंडर-17 के 40 किलोग्राम में फतेहपुर की तनु साहू, अंडर-19 वर्ष बालकों के 52 से 56 किलोग्राम में फतेहपुर के ही उत्कृर्ष पटेल ने स्वर्ण पदक प्राप्त किया। अंडर-17 बालक वर्ग के 52 किलोग्राम में बाराबंकी के नवनीत पटेल, 56 किलोग्राम में बागपत के निखिल तोमर ने स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इससे पूर्व स्टूडेंट ओलंपिक संघ के सचिव दिव्यांशु गर्ग ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर प्रतियोगिता शुरू कराई।
बैडमिंटन के अंडर-14 वर्ष में बाराबंकी के अंकित कुमार विजेता और आगरा के कार्तिक गर्ग उप विजेता रहे। अंडर-19 में भी बाराबंकी के ही राजहंस यादव ने बाजी मारी। द इंटरनेशनल स्कूल के निदेशक संजय कालरा ने विजेता खिलाड़ियों को पदक प्रदान किया।