आगरा। शिक्षा विभाग के अतिरिक्त अन्य विभागों के 101 अधिकारियाें को परिषदीय प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालय गोद दिए गए हैं। मुख्य विकास अधिकारी ने कई बार बैठक कर ली, इसके बाद भी अधिकतर अधिकारियों ने स्कूलों में उपस्थिति दर्ज नहीं कराई है।
बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय में अभी तक 15 से 20 अधिकारियों ने स्कूलों की निरीक्षण रिपोर्ट भेजी है। इसमें भूमि संरक्षण अधिकारी, वरिष्ठ परियोजना अधिकारी, यूपी नेडा, एसडीएम सदर, जिला ग्रामोद्योग अधिकारी, अर्थ एवं सांख्यिकी अधिकारी शामिल हैं। अधिकारियों ने रिपोर्ट दी है कि स्कूलों में अभी तक यूनिफार्म, किताबें नहीं हैं। कुछ ने लिखा है कि स्कूल में फर्नीचर नहीं है, कुछ में टाट पट्टी की व्यवस्था नहीं है। कुछ स्कूलों में पंजीकरण के अनुपात में विद्यार्थी कम पहुंच रहे हैं, शिक्षकों की उपस्थिति भी समय पर नहीं रही।
बेसिक शिक्षा अधिकारी अर्चना गुप्ता का कहना है कि एसडीएम बाह ने कुछ स्कूलों के सुबह 9:30 बजे और 10:00 बजे बंद पाए जाने की रिपोर्ट दी है। संबंधित विद्यालय के प्रधानाध्यापक और शिक्षकाें का उस दिन का वेतन काटने का आदेश जारी किया गया है। अधिकारियाें की ओर से दी जाने वाली रिपोर्ट पर कदम उठाया जाएगा। अधिकारियों को जवाब भी दिया जा रहा है कि उनकी रिपोर्ट के आधार पर शिक्षा विभाग की ओर से क्या किया गया।