शिकोहाबाद। युवकों ने एक कारोबारी से 20 हजार रुपये की चौथ मांगी है। रुपये न देने पर जान से मारने की धमकी दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने भागते एक आरोपी को दबोच लिया।
थाना क्षेत्र के मोहल्ला एटा तिराहा निवासी आकाश और अरुण की एटा तिराहे पर कंफेक्शनरी की दुकान है। बुधवार रात दो युवक दुकान पर पहुंचे और आकाश से 20 हजार रुपये चौथ के रूप में मांगने लगे। जब आकाश ने रुपये देने से इंकार किया तो युवकों ने उसे एक माह में जान से मारने की धमकी दी। इतना ही नहीं आरोपियों ने आकाश और अरुण के साथ मारपीट भी की।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस को देख आरोपी भागने लगे। पुलिस ने एक आरोपी को पकड़ लिया। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पकड़े गए आरोपी शिवम निवासी इटौली आरएस ढावा है। एसओ ने बताया पकड़े गए आरोपी पर चार हत्या के मामले दर्ज हैं। दूसरे आरोपी आशीष तिवारी निवासी यादव कालोनी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।