शिवालयों में उमड़ा सैलाब, किया जलाभिषेक
- फोटो : अमर उजाला
एटा। हर-हर महादेव के जयकारे, बम बम भोले की गूंज और भक्ति में मशगूल भक्त। जिले के शिवालयों में सावन के दूसरे सोमवार को कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिला। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक कर मनौतियां मांगी। साथ ही सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। मंदिरों में भीड़ के चलते श्रद्धालुओं को घंटों कतारों में इंतजार करना पड़ा। वहीं जिले में सैकड़ों लीटर दूध और जल चढ़ाकर भगवान शिव की अर्चना की गई।
सावन का महीना जैसे-जैसे बीत रहा है, लोगों में उत्साह, उमंग और उल्लास नजर आने लगा है। सावन के दूसरे सोमवार को शिवालयों में भक्ति और आस्था का ज्वार उमड़ पड़ा। शहर के प्राचीन कैलाश मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी, तो उन्हें लाइन में लगकर महादेव की पूजा के लिए इंतजार करना पड़ा। इस दौरान शहर के डाक बगलिया शिव मंदिर, सराय मिश्र स्थित महादेव मंदिर, परसोन स्थित शिव मंदिर, सकीट स्थित शिव मंदिर, निधौली कलां स्थित धौलेश्वर महादेव और जलेसर स्थित पूर्ण इच्छेश्वर महादेव मंदिर में भक्तों की कतारें लगी रहीं।
लोगों से सुबह से पहुंचकर जलाभिषेक किया। इस दौरान भक्तोें ने बेल पत्र, दीपक, धतूरा, फूल, फल और बताशे अर्पित कर महादेव की आराधना की। जिले भर में करीब 300 लीटर दूध और 500 लीटर जल से भोले बाबा का अभिषेक किया गया। वहीं दो कुंतल से ज्यादा बेल पत्र और धतूरे अर्पित कर मनौतियां मांगी गईं। वहीं दूसरे सोमवार को गंगा जी से जल भरकर ला रहे कांवड़ियों ने मंदिर पहुंचकर भगवान का जलाभिषेेक किया। जलाभिषेक करने के बाद कांवड़िए जमकर झूमे। वहीं शाम को शिव मंदिरों में भक्तों ने भोले बाबा की आरती की।
सुरक्षा के रहे कड़े बंदोबस्त
सावन के दूसरे सोमवार पर जिले में सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त रहे। इस दौरान हर मंदिर पर पुलिस बल तैनात रहा। पुलिसकर्मियों ने हर संदिग्ध पर कड़ी नजर रखी।