शिकोहाबाद। मैनपुरी रोड स्थित गांधी आश्रम पर ऑल इंडिया खादी संस्थान के नेतृत्व में शुक्रवार को बैठक का आयोजन किया गया। इसमें खादी पर पांच से 12 प्रतिशत तक जीएसटी लगाये जाने का विरोध किया गया। चेतावनी दी गई कि खादी को जीएसटी से बाहर नहीं रखा गया तो दो अक्टूबर को आमरण अनशन किया जाएगा।
गांधी आश्रम के मंत्री सुमेर प्रसाद ने भारत सरकार द्वारा खादी पर जीएसटी लगाए जाने की कड़े शब्दों में निंदा की। उन्होंने कहा भाजपा सरकार ने खादी को कर के दायरे में लाकर गरीब मजदूरों के साथ कुठाराघात किया है। उन्होंने बताया कि 18 व 19 को ऑल इंडिया खादी संस्थान के नेतृत्व में देश की सभी शाखाओं के व्यवस्थापक दिल्ली पहुंच कर जीएसटी का विरोध करेंगे।
चेतावनी दी अगर खादी से जीएसटी नहीं हटाया तो आने वाले दो अक्टूबर (गांधी जयंती) के अवसर पर सभी कर्मचारी आमरण अनशन कर विरोध प्रदर्शन करेंगे। वार्ता के समय बैजनाथ तिवारी, रविंद्र कुमार, अनिल मिश्र, तारा सिंह, रघुवंस पांडेय, श्रीनिवास तिवारी, कृपाशंकर सिंह आदि मौजूद रहे।