एटा। जिले में कासगंज रोड स्थित पीएसी बटालियन के पास मेडिकल कॉलेज बनना तय हो गया है। जिला प्रशासन के अधिकारियों की आगामी शुक्रवार को लखनऊ में बैठक होने जा रही है। बैठक में कॉलेज के लिए होने वाले भूमि अधिग्रहण और प्रस्ताव पर चर्चा होगी। कॉलेज के लिए केंद्र सरकार धन उपलब्ध कराएगी।
डीएम अमित किशोर ने बताया कि कासगंज रोड पर पीएसी बटालियन के समीप दस एकड़ भूमि पर मेडिकल कॉलेज बनेगा। कॉलेज निर्माण के लिए धन सीधे केंद्र सरकार का स्वास्थय मंत्रालय उपलब्ध कराए। डीएम ने बताया कि शुक्रवार को जिला प्रशासन के अधिकरियाें की एक बैठक लखनऊ में राजभवन के अधिकारियों संग होगी। बैठक में भूमि अधिग्रहण और उस पर होने वाले खर्च और मेडिकल कॉलेज निर्माण पर खर्च और प्रस्ताव पर चर्चा होगी। मेडिकल कॉलेज का प्रस्ताव मेडिकल काउंसिल ऑफ इंडिया की गाइड लाइन के तहत तैयार कराया जा रहा है। लखनऊ में बैठक होने के बाद मेडिकल कॉलेज का प्रस्ताव शासन के माध्यम से केंद्र सरकार को भेजा जाएगा। ज्ञात हो कि भाजपा सांसद राजवीर सिंह उर्फ राजू भईया लंब समय से कासगंज और एटा में से किसी एक जिले में मेडिकल कॉलेज या ट्रॉमा सेंटर निर्माण की पहल कर रहे थे। मेडिकल कॉलेज बनने से लाखाें लोगों को फायदा होगा।
जिले में मेडिकल कॉलेज बनने के फायदे
दस एकड़ भूमि अधिग्रहण से किसान होंगे मालामाल।
तकनीकी, गैर तकनीकी प्रशिक्षित युवाओं को नौकरी।
दो जिलों के लोगों को मिलेगी बेहतर स्वस्थय सेवाएं।
मरीजों को अलीगढ़-आगरा दौड़ने से मिलेगी निजात।
कासगंज रोड पर कृषि भूमि की कीमतें बढे़ंगी।
किसान मालामाल होने से पर्चेजिंग पावर बढ़ेगी।
काम मिलने से गरीबों के आर्थिक हालात सुधरेंगे।
पीएसी बटालियन के पास नई कालोनियां बनेगी।
बाहरी छात्रों के रहने से बाजारों में होगी रौनक।
पीएसी बटालियन के पास भूमि चिह्नित कर शासन को भेज दी गई है। लखनऊ में बैठक के बाद एमसीआई गाइड लाइन के तहत मेडिकल कॉलेज का प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजा जाएगा। एटा और कासगंज जिले के लिए मेडिकल कॉलेज निर्माण जरूर होगा।
राजवीर सिंह, भाजपा सांसद एटा