राया (मथुरा)। नई नवेली दुल्हन ने रात को पति सहित बाकी ससुरालियों को भोजन में विषाक्त पदार्थ खिलाया और उनके बेहोश होते ही ससुराल से सोने-चांदी के आभूषण समेट कर चंपत हो गई। दूसरे दिन होश आने पर परिवारीजनों ने दुल्हन को काफी खोजा, मगर उसका कोई सुराग हाथ नहीं लगा। परिजनों का कहना है कि उनके पालतू कुत्ते को भी विषाक्त भोजन खिलाया गया है। पीड़ितों ने राया थाना में तहरीर दी है।
राया की श्रीनाथधाम कालोनी निवासी मुकेश का जून माह में अलीगढ़ से संबंध तय हुआ था। एक जुलाई को वधु पक्ष के लोग लड़की को लेकर राया आ गए। गणेशबाग स्थित देवी मंदिर पर विवाह की रस्में र्हुइं। दो जुलाई को विदाई के बाद दुल्हन ससुराल पहुंची। इसके बाद रात को नई नवेली दुल्हन ने पूरे परिवार के लिए खाना बनाया और उसमें कोई विषाक्त पदार्थ मिला दिया। जिसे खाकर पति मुकेश, सास, जेठ व परिवार के बाकी लोग कुछ देर बाद ही बेहोश हो गए।
इसके बाद दुल्हन घर के सोने-चांदी के जेवर व कीमती सामान समेट कर निकल गई। उधर, तीन जुलाई की सुबह काफी देर तक परिवार के लोग नहीं जागे, तो आसपास के लोगों ने समझा कि विवाह कार्यक्रम से आए हैं, थकान के चलते सो रहे होंगे। लोगों को घटना की जानकारी तब मिली जब तीन जुलाई को दोपहर बाद मुकेश और उसकी मां को होश आया। घर का सामान अस्त-व्यस्त देख वे दंग रह गए। नई नवेली दुल्हन भी गायब थी। तब उन्हें समझ में आया कि दुल्हन उन्हें बेहोश कर सब कुछ लेकर चंपत हो गई है। परिजनों को रसोईघर के पास कुछ गोलियां मिली हैं। पीड़ित परिवार ने घटना की तहरीर थाना राया पुलिस को दी है।
फर्जी निकला दुल्हन के घर का पता
मामले में पीड़ित पक्ष दुल्हन को तलाश करने के लिए अलीगढ़ में बताए पते पर पहुंचा तो पता भी फर्जी निकला। पेशे से बिजली मिस्त्री मुकेश ने बताया कि ससुरालीजनों से अधिकांश मुलाकात अलीगढ़ में मंदिर व दूसरे स्थानों पर होती रही। घर पर वह कभी नहीं गया। वे उसका ठिकाना नहीं खोज सके। मुड़िया मेले में लगी पुलिस ने पीड़ितों को कार्रवाई का आश्वासन दिया है। वहीं, बिचौलिया की भूमिका संदिग्ध दिखाई दे रही है।