मैनपुरी। जिला महिला अस्पताल में बुधवार रात सामान्य प्रसव नहीं होने पर चिकित्सकों ने महिला को रेफर कर दिया इस पर महिला के पति ने स्टाफ के साथ अभद्रता कर दी। बीएचटी रजिस्टर सहित अन्य रजिस्टर भी फाड़ दिए। परेशान सीएमएस ने 100 नंबर पर कॉल कर पुलिस बुलाई। पुलिस पहुंची जब तक वह पत्नी को लेकर चला गया।
मोहल्ला कुचलिया निवासी जूली सिसौदिया को प्रसव पीड़ा होने पर उसके पति अजय सिंह ने उसे रात नौ बजे के बाद महिला अस्पताल में भर्ती कराया। जांच के बाद चिकित्सक ने बताया कि इनमें खून की कमी है साथ ही स्टाफ तीन घंटे तक सामान्य प्रसव कराने की की कोशिश करता लेकिन जब प्रसव नहीं हुआ तो स्टाफ ने अजय सिंह से बाहर ले जाने को कहा। इसके बाद उसने हंगामा काटना शुरू कर दिया। वहां तैनात स्टाफ नर्स आशू यादव के साथ अभद्रता की। साथ ही बीएचटी रजिस्टर सहित अन्य रजिस्टर भी फाड़ दिए।
नर्स आशू ने बताया कि वह बार-बार सत्तारूढ़ दल का होने की बात कहकर धमका रहा था। इसके चलते स्टाफ ने सीएमएस हरिदत्त नेमी को बुलाया। सीएमएस ने रात में 100 नंबर पर कॉल कर पुलिस को बुलाया। पुलिस जब तक आई तब तक वह पत्नी और परिवार के साथ चला गया।