कासगंज। स्वास्थ्य विभाग ने शनिवार को 11 केंद्रों पर कोरोना टीकाकरण सत्र आयोजित किए। इन केंद्रों पर 1124 लोगों को टीका लगाए गए। अधिकारियों ने केंद्रों का निरीक्षण कर आवश्यक निर्देश दिए।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अनिल कुमार ने बताया कि जनपद में 11 केन्द्रों पर कोरोना टीकाकरण किया गया। जिला अस्पताल मामो, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अशोकनगर, कलावती अस्पताल, विरला अस्पताल, मिशन अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोरों, स्वास्थ्य केंद्र साहवर, पटियाली, अमापुर, गंजडुंडवारा, सिढ़पुरा केंद्रों पर टीकाकरण किया गया।
सीएमओ ने कहा कि कोरोना की दूसरी लहर से बचने के लिए मास्क व साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें। समय-समय पर साबुन से हाथ धोएं या सैनिटाइजर का प्रयोग करें। भीड़ वाली जगह पर न जाए। मास्क का हमेशा प्रयोग करें। जिला को टीका की 17 हजार डोज और मिल गई हैं।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. अंजुश सिंह ने बताया कि शनिवार को 2600 लोगों को टीकाकरण का लक्ष्य रखा गया था। इसमें से 1124 लोगों को टीका की पहली डोज लगाई गई।
चौथे चरण में टीकाकरण के लिए कोविन-2 पोर्टल पर कोई भी व्यक्ति स्वयं रजिस्ट्रेशन करके टीकाकरण करवा सकता है। इसके अलावा अपनी आईडी ले जाकर ऑन द स्पॉट पंजीकरण करवाकर भी टीका लगवाया जा सकता है।
कार्यक्रम के दौरान, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अशोकनगर, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आकाश सिंह, बीपीएम प्रेम कुमार, हरजीत सिंह, नवीन कुमार, बीसीपीएम भगेश्वर व टीकाकर्मी मौजूद रहे।