मैनपुरी। करहल विधानसभा क्षेत्र के नगला जंगी में जल निकासी कराने को ग्रामीणों ने मतदान का बहिष्कार कर दिया। ग्रामीण मतदान केंद्र के बाहर ग्रामीण एकत्रित हो गए। पीठासीन अधिकारी ने उच्चाधिकारियों को सूचना दी। दोपहर बाद गांव पहुंचे सीडीओ और एसडीएम करहल के समझाने पर सवा दो बजे ग्रामीणों ने मतदान शुरू किया।
नगला जंगी के पास से इटावा रेलवे लाइन गुजरती है। रेलवे ने गांव के बाहर अंडर पुल बनाया है। अंडर पुल में लंबे समय से पानी भरा हुआ है। यह पानी धीरे धीरे गांव की गलियों में पहुंच गया है। गंाव की गलियों में पानी भरने से गलियों में जलभराव के हालात बन गए हैं। ग्रामीण कई बार जल निकासी के लिए प्रदर्शन करके अधिकारियों को ज्ञापन दे चुके हैं। मंगलवार को ग्रामीणों ने मतदान बहिष्कार का एलान कर दिया। उनकी मांग थी कि गांव की गलियों में भरे पानी की निकासी की व्यवस्था कराई जाए। पीठासीन अधिकारी ने ग्रामीणों को समझाया लेकिन वह मतदान करने को तैयार नहीं हुए। पीठासीन अधिकारी ने उच्चाधिकारियों को सूचना दी।
सीडीओ कपिल सिंह और एसडीएम करहल अनूप कुमार गांव में पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों की समस्या सुनी। सीडीओ ने कहा मतदान शुरू करें चुनाव के बाद जलनिकासी की समस्या का समाधान कराया जाएगा। सीडीओ के समझाने पर ग्रामीणों ने सवा दो बजे मतदान केंद्र पर पहुंचकर वोट डालने शुरू किए। इस मौके पर संजीव कुमार, विमल कुमार, पंकज सिंह, जयवीर सिंह, अतुल कुमार, विमल कुमार, संजीव सिंह, हरीशंकर, ज्ञानसिंह, राजेश कुमार, सुधीर कुमार, करन सिंह, सुभाषचंद्र, भोजराज, कलक्टर सिंह, कायम सिंह, रामनरेश, विमलादेवी, सुषमा, साधना, सीमा, रचना, आरती कुमारी, कमलादेवी, ममता कुमारी मौजूद रहीं।