वृंदावन (मथुरा)। जर्मन से आए पार्सल को लेने डाकघर गई विदेशी महिला ने पार्सल पर बकाया राशि मांगने पर डाक सहायक को थप्पड़ जड़ दिया और बिना शुल्क दिए पार्सल लेकर भागने लगी। डाक कर्मियों ने उसे पकड़कर वहीं बैठा लिया और पुलिस को इसकी सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस व एलआईयू टीम ने पूछताछ कर महिला को वैरीफाई करने के बाद छोड़ दिया।
गौरा नगर, मोनी बाबा की बगीची निवासी विदेशी महिला नवलकिशोरी पिछले काफी समय से वृंदावन में रह रही हैं। सोमवार सुबह वह जर्मन से आए अपने पार्सल को लेने डाकघर पहुंची तो डाक सहायक सुरेंद्र कुमार शर्मा ने उससे पोस्टेज की बकाया धनराशि 3046 रुपये का भुगतान कर रसीद लेकर पार्सल देने की बात कही।
इस पर गुस्साई महिला ने पार्सल छीन लिया और भागने लगी। बाद में कर्मचारियों ने उसे पकड़ लिया। आरोप है कि गुस्साई महिला ने डाक सहायक को थप्पड़ जड़ दिया और उसके साथ मारपीट कर दी। मौके पर पहुंची पुलिस व एलआईयू की टीम ने महिला के कागजातों की जांच कर उसे वैरीफाई कर हिदायत देते हुए छोड़ दिया।