कासगंज। ग्राम कल्यानपुर में खेत पर बुग्गी ले जाते समय सांड़ के हमले में घायल युवक की दिल्ली में उपचार के दौरान मौत हो गई। युवक की मौत से परिवार में कोहराम मच गया।
कल्यानपुर निवासी अशोक (30) पुत्र देवी प्रसाद शुक्रवार शाम खेत पर बुग्गी लेकर जा रहा था। तभी रास्ते में एक सांड़ ने बुग्गी में पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में युवक बुग्गी के नीचे दब गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी पर पहुंचे परिजनों ने लोगों की मदद से युवक को बुग्गी के नीचे से निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से उसे पहले अलीगढ़ और फिर दिल्ली रेफर कर दिया गया। रविवार को उपचार के दौरान दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में उसकी मौत हो गई। युवक की मौत होते ही परिवार में कोहराम मच गया।
मां का छिन गया बुढ़ापे का सहारा
कासगंज। अशोक दो भाई बहनों में अकेला बेटा था। उसकी बहन की शादी हो चुकी है और पूरे परिवार की जिम्मेदारी उस पर ही थी। वह खेती किसानी में अपने परिवार का हाथ बंटाता था। बुढ़ापे का सहारा छिन जाने से उसकी मां मुन्नी देवी सदमे में है।
दो बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
कासगंज। युवक अशोक की शादी लगभग छह साल पहले हुई थी। उसके पांच साल की बेटी और चार साल का एक बेटा है। उसकी मौत से दोनों बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया। अब उसकी पत्नी सीमा के सामने दोनों बच्चों के लालन पालन की चिंता है।
पिता की भी मौत हुई थी बुग्गी के नीचे दबने से
कासगंज। अशोक के पिता की मौत भी दो साल पहले बुग्गी के नीचे दबने से हुई थी। वह बुग्गी को खेत पर लेकर जा रहे थे। तभी पशु बिदक गए और बुग्गी पोल से टकराकर पलट गई। बुग्गी के नीचे दबकर अशोक के पिता की मौत हो गई थी।
सांड़ व के हमले में पहले भी जा चुकी हैं जानें
एक नवबंर 2018 को सुन्नगढ़ी में गाय के हमले में घायल ग्रामीण की एक सप्ताह बाद मौत हो गई।
छह दिसंबर 2018 को अमांपुर के मुनीनगर में सांड़ के हमले में एक युवक की जान चली गई।
13 जनवरी को ढोलना के घिनौना में एक ग्रामीण सांड़ के हमले में गंभीर घायल हो गया।