फिरोजाबाद। पुलिस भर्ती परीक्षा देने आई युवती परीक्षा केंद्र से अचानक गायब हो गई। भाई काफी देर तक इंतजार करता रहा। लेकिन जब बहन नहीं आई तो वह डायल 100 पर सूचना दी। पुलिस ने सूचना के आधार पर ही जांच पड़ताल शुरू कर दी है। एसएचओ ने कहा युवती के गायब होने की तो सूचना मिली है। लेकिन तहरीर नहीं आई है।
जनपद अलीगढ़ के थाना लोधा गांव लौहर्रा निवासी युवती सीमा चौधरी (22)पुत्री अंगद सिंह पुलिस भर्ती परीक्षा देने को अपने भाई मंजीत सिंह के साथ फिरोजाबाद में आई थी। थाना दक्षिण के सुहागनगर सेक्टर एक निवासी राजेंद्र सिंह इंटर कालेज में बने परीक्षा केंद्र में परीक्षा दी। जबकि उसका भाई मंजीत सिंह परीक्षा छूटने का बाहर ही काफी देर तक इंतजार करता रहा।
परीक्षा छूटने के काफी देर तक जब सीमा चौधरी भाई के पास नहीं आई तो उसको चिंता हुई। भाई ने कालेज प्रशासन से बहन के बारे में पूछताछ की। लेकिन कालेज प्रशासन ने कहा अंदर तो कोई छात्र एवं छात्रा नहीं है। मंजीत सिंह ने परीक्षा केंद्र के बाहर तैनात पुलिस को जवानों को इसकी सूचना दी। फोन के माध्यम से डायल 100 पर परीक्षा देने के लिए आई बहन के गायब होने की सूचना दी।
सूचना मिलते ही थाना दक्षिण की डायल 100 की टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस की टीम ने जांच पड़ताल की। इस संबंध में थाना दक्षिण के प्रभारी निरीक्षक महेंद्र कुमार गौतम ने कहा कि परीक्षा देने आई सीमा चौधरी के गायब होने की सूचना मिली है।सूचना के आधार पर जांच पड़ताल की जा रही है। उन्होंने कहा कि भाई की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है यदि कोई तहरीर आएगी तो गुमशुदगी दर्ज करके जांच की जाएगी।