फिरोजाबाद। रविवार को जिला विकास भवन पर आयोजित किसान सम्मान और समाधान दिवस मेें बिजली, सिंचाईं, ऋण मोचन एवं आवारा पशुओं से हो रहे फसलीय नुकसान की समस्या व शिकायतें हावी रहीं।
अरसे से लंबित समस्या व शिकायतों का समाधान नहीं होने पर मुखर हुए किसान अधिकारियों केे समक्ष अपनी बात रखते नजर आए।
किसान नेता चौधरी चरण सिंह के जन्म दिवस पर किसान सम्मान दिवस में प्रगति शील व कृषि क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले किसानों को सम्मानित किया गया। डीएम की मौजूदगी में कृषि, पशुपालन एवं उद्यान विभाग के अधिकारियों को सामने बैठा देख किसानों का दर्द उभर आया।
किसानों ने छोटे-मोटे बकाया पर बिजली कनेक्शन काटे जाने के अतिरिक्त आवारा पशुओं द्वारा क्षतिग्रस्त की गई फसल का बीमा नहीं मिलने की शिकायतें प्रमुखता से उठाईं। कुछ किसानों ने कोल्ड स्टोरेज स्वामियों पर मनमानी का आरोप लगाते हुए अधिकारियों पर उन्हें संरक्षण देने का आरोप प्रमुखता से लगाया।