कासगंज। वन विभाग स्वतंत्रता दिवस के मौके पर लगाए गए पौधों में से जीवित बचे पौधों की जियो टैगिंग कराएगा। इसके लिए विभाग ने एक खास एप तैयार किया है। यह एप प्लांटेशन मॉनिटरिंग सिस्टम से सीधा जुड़ा है। पौधों की जियो टैगिंग होने के बाद ऑन लाइन ही पौधे की वास्तविक स्थिति का आंकलन हो जाएगा।
जिले को हराभरा बनाने को स्वतंत्रता दिवस पर 6.5 लाख पौधे रोपित किए गए। पौध रोपण अभियान में वन विभाग के अलावा विकास विभाग, शिक्षा विभाग, जिला पंचायत राज विभाग, समाज कल्याण विभाग, पशु पालन विभाग, स्वास्थ्य विभाग, राजस्व विभाग सहित सभी प्रम़ुख विभागों ने पौधे रोपित किए। पौध रोपण को चार माह का समय हो गया है। पौध रोपण पर लाखों रुपये खर्च करने के बाद अब वर्तमान में इनमें से कितने पौधे जीवित बचे हैं इन पर नजर रखने की तैयारी की जा रही है। वन विभाग ने इसके लिए एक खास एप तैयार किया है। इस एप को गूगल प्ले स्टोर से डाउनलोड किया जा सकता है। जैसे ही इस एप के माध्यम से पौधरोपण स्थल का फोटो लिया जाएगा अक्षांतर और देशांतर के साथ उसकी लोकेशन आ जाएगी। इस तरह से प्रत्येक स्थल की जियो टैगिंग हो जाएगी। इसके बाद विभाग इन पौधों की वास्तविक स्थिति ऑन लाइन देख लेगा। यदि पौधा किसी तरह से सूखने के कगार पर पहुंच रहा है तो इसकी देखभाल के लिए फिर से व्यवस्था की जा सके।
विभागों की अलग-अलग है यूजर आईडी
कासगंज। जियो टैगिंग के लिए तैयार किए गए एप की प्रत्येक विभाग की अपनी अलग अलग यूजर आइडी और पासवर्ड दिया गया है। विभाग अपनी अपनी यूजर आईडी पासवर्ड के माध्यम से ही इस एप का प्रयोग कर सकेंगे।
पौधरोपण स्थल पर होगा एप लोड
कासगंज। वन विभाग ने पंद्रह अगस्त प्लांटेशन के नाम से एप तैयार किया है। इस एप को विभाग के अधिकारी पौध रोपण स्थल पर खड़े होकर इसे डाउनलोड करेंगे। जब यह एप डाउनलोड हो जाएगा तो इसको ओपिन किया जाएगा। इसके बाद फोटो खींचकर अपलोड कर दिया जाएगा। फोटो अपलोड होते ही यह सीधे ऑन लाइन हो जाएगा।
पौधों की जियो टेेगिंग के लिए सभी विद्यालयों के प्रधानाचायों को निर्देश जारी कर दिए गए हैं। अंजली अग्रवाल बीएसए
पौध रोपण की जियो टेगिंग के लिए सभी विभागों को उनकी यूजर आईडी व पासपर्ड उपलब्ध करा दिया गया है। शोक कुमार शाक्य वन क्षेत्राधिकारी