फिरोजाबाद। नगला कोठी स्थित राशन दुकानदार के राशन सामग्री नहीं देने से गुस्साए कार्ड धारकों ने रविवार को बीपीएल ग्राउंड के सामने हाईवे जाम किया। दुकानदार के खिलाफ नारेबाजी की। जाम लगाए महिलाओं को आरोप था कि राशन विक्रेता अभद्रता और गाली गलौज करता है। जाम स्थल पर पहुंची पुलिस ने समझा-बुझाकर जाम खुलवाया। इसके बाद ही आवागमन सुचारु हो सका।
नगला कोठी के राशन विक्रेता शमशाद की दुकान से राशन सामग्री घंटों इंतजार करने के बाद नहीं मिल पाने के कारण कार्डधारक गुस्सा गए। वह एकत्रित होकर बीपीएल ग्राउंड के सामने हाईवे पर पहुंचे। उन्होंने रोड को जाम करते हुए राशन दुकानदार के खिलाफ नारेबाजी की। जाम लगते ही वाहनों की कतार लग गई। महिलाएं रोड पर मानव श्रंखला को बनाकर बैठ गईं।
महिलाओं का आरोप था कि चार दिनों से ही राशन सामग्री लेने दुकान पर जा रहे हैं। सुबह से दोपहर तक इंतजार करते हैं। लेकिन राशन विक्रेता के किसी को दो यूनिट कम करके तो किसी से एक की सामग्री को घटाकर गेहूं एवं चावल बांट रहा है।
यदि कोई विरोध करे तो गाली गलौज करता है। दुकानदार की मनमानी से कार्डधारक काफी आहत थे। इधर जाम लगने की सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने भीड़ को समझा-बुझाकर जाम को खुलवाया।
जामस्थल पर एनुल हक, सुल्तान, रफीक अहमद, इमरान, शमशाद व जीनत वानों, रजिया बानो, रफीकन बानो, साजिया बेगम, रहीशा मौजूद थीं। एसएचओ रसूलपुर तेजबहादुर चंदेल ने कहा राशन सामग्री नहीं मिलने के कारण जाम लगाया था। फोर्स के पहुंचते ही खोल दिया।
सतीशचंद, क्षेत्रीय पूर्ति अधिकारी ने कहा कि ई-पॉश मशीन खराब हो जाने के कारण राशन सामग्री नहीं बंट पाई थी। यदि किसी राशनकार्ड धारक को कम सामग्री दिए जाने की शिकायत है तो इसकी जांच कराके कार्रवाई की जाएगी। सोमवार को मैं सामग्री का वितरण कराऊंगा।