एटा। शिक्षक पात्रता परीक्षा जिले के 19 केंद्रों पर शांतिपूर्ण तरीके से हुई। दोनों पालियों में पंजीकृत 14946 परीक्षार्थियों में से 1036 ने परीक्षा छोड़ दी। वहीं 19 केंद्रों पर तकरीबन 50 परीक्षार्थी अंकतालिका एवं अन्य दस्तावेजों के अभाव में परीक्षा नहीं दे सके। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की कड़ी चौकसी से परीक्षा सभी केंद्रों पर शांतिपूर्ण तरीके से हुई।
टीईटी के लिए सुबह से परीक्षा केंद्रों पर गहमागहमी शुरू हो गई। सुबह दस बजे से शुरू होने वाली परीक्षा के लिए केंद्रों पर नौ बजे ही परीक्षार्थी पहुंचने लगे। परीक्षार्थियों को साढ़े नौ बजे केंद्र में प्रवेश दिया गया। इस दौरान केंद्रों पर महिला और पुरुष के प्रवेश के अलग अलग इंतजाम किए गए थे। परीक्षा केंद्र के अंदर अंक तालिका, प्रवेश पत्र, पहचान पत्र आदि को ही लेकर जाने दिया।
पूर्व निर्धारित समय के अनुसार दस बजे परीक्षा शुरू हुई और साढ़े बारह बजे समाप्त हो गई। सुबह का पाली में 10310 परीक्षार्थियों में से 700 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। वहीं शाम की पाली में 4631 में से 336 ने परीक्षा छोड़ दी। शिक्षक पात्रता परीक्षा को लेकर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने निरीक्षण किया। परीक्षा के दौरान केंद्रों पर जेडी माया निरंजन जिलाधिकारी आईपी पांडेय, एसएसपी आशीष तिवारी, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट महेन्द्र सिंह तंवर, एडीएम धर्मेन्द्र सिंह, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट प्रेरणा सिंह, डीआईओएस निरंजन देव वर्मा आदि लगातार निरीक्षण करते रहे।
--------
अंक तालिका के अभाव में नहीं दे सके परीक्षा
परीक्षा केंद्रों पर तकरीबन 50 अभ्यर्थी अंकतालिका न होने के कारण परीक्षा से वंचित रह गए। वहीं कुछ अभ्यर्थी ऐसे भी रहे, जिनके पास अंक तालिका की फोटोकॉपी थी लेकिन सत्यापित न होने के कारण उन्हें परीक्षा केंद्र पर प्रवेश नहीं करने दिया। इनमें अवधेश यादव,अनुज शर्मा, जयप्रकाश, हरवेन्द्र, सतीश चन्द्र, सतेन्द्र सिंह, अजीत कुमार आदि शामिल रहे।
------------
1. प्रश्न पत्र काफी आसान था नेकिन समय थोड़ा कम था। उम्मीद के अनुसार प्रश्न पत्र आया। परिणाम बेहतर रहेगा।
रेनू यादव, अलीगंज
2. प्रश्न पत्र में सवाल काफी घुमाकर पूछे गए थे। हालांकि प्रश्न पत्र काफी आसान रहा है।
नीलम यादव, पीपल अड्डा
3. हम अंक तालिका की फोटोकॉपी लेकर आए है। बावजूद इसके हमें परीक्षा केंद्र पर प्रवेश नहीं करने दिया गया है।
अवधेश यादव, एटा
4. जब भी परीक्षा देने जाती हूं। थोड़ा सा मन में डर रहता है मगर प्रश्न पत्र को देखने के बाद सारा डर भाग गया। परीक्षा बहुत अच्छी हुई है।
निशा कश्यप, एटा
5. जो कुछ भी तैयार की थी। प्रश्न पत्र उसी में से आया है। परीक्षा परिणाम भी बेहतर आएगा।
मनू राजपूत, अलीगंज
6. भाषा वाला खंड सबसे अधिक आसान था, जबकि अंग्रेजी का खंड थोड़ा साथ कठिन लगा है। बावजूद इसके परीक्षा बहुत अच्छी हुई है।
राकेश कुमार, अलीगंज
7. जिस तरह से सोचा था। परीक्षा ठीक उसी तरह से हुई है। सब कुछ ठीक रहा तो परीक्षा परिणाम बहुत अच्छा रहेगा।
प्रवेंद्र यादव, जलेसर
8. परीक्षा देने जा रहे थे। उस दौरान जरुर डर लग रहा था। मगर प्रश्न पत्र के हाथ में आने पर ही सारा डर भाग गया।
मोहितराज, एटा
----------
बसों में रही मारामारी
प्रथम पाली की परीक्षा समाप्त होने के बाद दोपहर में अचानक बस स्टैंड पर भीड़ बढ़ गई। जबकि जैथरा, अलीगंज, जलेसर और गंजडुडवारा मार्ग की बसों का अभाव रहा। इस दौरान बसों में अच्छी खासी भीड़भाड़ देखने को मिली।
-----------
जीटी रोड पर दिनभर रहा जाम
शिक्षक पात्रता परीक्षा को लेकर शहर में पन्द्रह हजार से अधिक महिला पुरुषों का आना हुआ था। इसके अलावा ज्यादातर परीक्षार्थी अपने अपने वाहन से आए थे। इसको लेकर दिनभर जीटी रोड पर जाम का आलम बना रहा। हालांकि यातायात पुलिस दिनभर भागदौड़ करते हुए देखी गई।
सभी केंद्रों पर शिक्षक पात्रता परीक्षा पूरी तरह से शांतिपूर्ण तरीक से संपन्न हुई है। पूरी सुरक्षा व्यवस्था के बीच उत्तर पुस्तिकाओं को प्रयागराज भेजा गया है।
आईपी पांडेय, जिलाधिकारी