आतिशबाजी के धमाके से युवक घायल
- फोटो : अमर उजाला
कासगंज। ढोलना थाना क्षेत्र के कस्बा बिलराम में आतिशबाजी के धमाके से युवक घायल हो गया। घायल को धमाका होते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना स्थल पर काफी संख्या में लोग एकत्रित हो गए। घायल को उपचार के लिए निजी अस्पताल भेजा गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना की जानकारी ली।
बिलराम निवासी मुस्लिम (22) पुत्र पहचान अली अपने घर पर आतिशबाजी बना रहा था। वह आतिशबाजी तैयार करने के लिए गंधक और पोटाश पीस रहा था। गंधक और पोटाश ऐसा केेमिकल है जो एक साथ मिलने पर धमाका कर देता है। कस्बा बिलराम में युवक द्वारा गंधक पोटाश मिलाने पर जोरदार धमाका हुआ। जैसे ही लोगों ने धमाके की आवाज सुनी वे घटना स्थल की ओर दौड़ पडे़।
हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को परिजन निजी चिकित्सालय ले गए। जहां चिकित्सकों ने उसका उपचार किया। सूचना पर कस्बा बिलराम चौकी पुलिस पहुंच गई । पुलिस ने आस पास लोगों से घटना की विस्तृत जानकारी की। लोगों ने पुलिस को बताया कि गंधक और पोटाश मिलाने पर यह हादसा हुआ। युवक आतिशबाजी बनाने को यह केमिकल मिला रहा था।
चौकी इंचार्ज विष्णु कुमार ने बताया कि युवक गंधक और पोटाश मिला रहा था और मिलाते समय धमाका हो गया। धमाके में घायल युवक को उसके परिजन उपचार के लिए निजी अस्पताल ले गए।