टाउनशिप (मथुरा)। थाना रिफाइनरी क्षेत्र की नरसीपुरम कालोनी में घर के पास सब्जी खरीद रही महिला के गले से बाइक सवार युवक तमंचे के बल पर जंजीर लूट ले गए। घटना की सूचना पाकर डायल 100 मौके पर पहुंची। महिला के पति ने थाने पर तहरीर दी है।
नरसीपुरम निवासी सुभाष वर्मा की पत्नी मंजू वर्मा सोमवार की शाम मकान के गेट के पास ढकेल वाले से सब्जी खरीद रही थीं। तभी काले रंग की बाइक पर दो युवक आए और महिला के गले से सोने की जंजीर को तोड़ने लगे। महिला ने विरोध किया तो बाइक सवारों ने तमंचा निकालकर कनपटी पर रख दिया। जंजीर दो तोले की थी।
सूचना के बाद डायल 100 मौके पर पहुंच गई। घटना पड़ोस के मकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। घटना की तहरीर महिला के पति ने अज्ञात बाइक सवार बदमाशों के खिलाफ थाने दी है। थाना क्षेत्र में एक सप्ताह में झपटमारी की यह दूसरी घटना है।