मथुरा। धौलीप्याऊ रेलवे क्रासिंग पर सोमवार की रात बड़ा हादसा होने से बचा। ट्रैक पर आने वाली मथुरा छपरा एक्सप्रेस के समय बंद किए गए गेट को ऑटो चालक ने तोड़ दिया। हादसे के बाद चालक ऑटो छोड़ कर भाग गया।
सोमवार की रात को छपरा मथुरा एक्सप्रेस के आने का संकेत मिलने के बाद धौलीप्याऊ क्रासिंग पर तैनात गेटमैन गेट बंद करने लगा। इसी बीच स्टेट बैंक चौराहे की ओर से ऑटो लेकर आ रहे चालक ने बूम में टक्कर मार दी। इसे क्रासिंग का एक बूम टूट गया।
चालक आटो छोड़ कर मौके से भाग गया। सूचना मिलने के बाद आरपीएफ के सहायक उप निरीक्षक विजय सिंह यादव मौके पर पहुंचे। तुरंत ही स्लाइड बूम लगा कर ट्रेन को निकाला गया। इस दौरान सड़क पर जाम लग गया। गेट रात करीब एक बजे ठीक हो सका। इस दौरान जो भी ट्रेन निकली उसे स्लाइड बूम लगा कर निकाला गया। आरपीएफ प्रभारी सीबी प्रसाद ने बताया कि ऑटो के अज्ञात चालक के खिलाफ बूम तोड़ने का मुकदमा पंजीकृत किया गया है। चालक की तलाश की जा रही है।