फिरोजाबाद। सदर तहसील के मुख्य मार्ग पर जलभराव की समस्या के संबंध में अधिवक्ता एसडीएम सदर से मिले, लेकिन एसडीएम के गैर जिम्मेदाराना बयान से नाराज होकर वे मुख्य मार्ग पर पानी में तख्त डालकर धरने पर बैठ गए।
तहसीलदार रेवेन्यू बार एसोसिएशन अध्यक्ष हरीबाबू यादव, तहसील बार एसोसिएशन अध्यक्ष रामहंस यादव के नेतृत्व में तहसील में जलभराव की समस्या लेकर अधिवक्ता एसडीएम सदर से मिले। एसडीएम ने समस्या सुनने से पहले ही मना कर दिया। फिर बोले कि गोवर्धन में घुटनों तक पानी में लोग परिक्रमा देते हैं, तो क्या अधिवक्ता पानी में होकर यहां तक नहीं आ सकते। एसडीएम के इस बयान से आक्रोशित अधिवक्ता मुख्य मार्ग पर पानी में तख्त डालकर धरने पर बैठ गए।
अधिवक्ताओं का कहना था कि ऐसे लापरवाह अधिकारियों को सदर तहसील में नहीं भेजना चाहिए। अधिकारियों का कार्य समस्या का समाधान कराना है। समस्या का स्थाई समाधान न होने तक अधिवक्ताओं ने न्यायायिक कार्य के बहिष्कार का एलान किया है। यशवीर सिंह यादव, अतिवीर सिंह यादव, श्याम सिंह यादव, रमेश वर्मा, चरन सिंह यादव, विजय प्रकाश, राधामोहन, ब्रजमोहन आदि मौजूद रहे।