मथुरा। प्राइवेट कर्मचारी के वायरल ऑडियो से सुर्खियों में आईं पूर्ति निरीक्षक नौहझील पारुल शर्मा के मामले की जांच अब डीएम ने डिप्टी कलक्टर को सौंप दी है। डिप्टी कलक्टर राहुल यादव ने जांच के लिए पूर्ति निरीक्षक को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए तलब किया है।
नौहझील क्षेत्र राशन की कालाबाजारी के लिए लंबे समय से कुख्यात है। यहां अनेक बार सरकारी राशन पकड़ा गया है। लेकिन अफसरों की मेहरबानी से अधिकांश मामले रफादफा हो जाते हैं। पिछले दिनों इसे लेकर नौहझील की पूर्ति निरीक्षक पारुल शर्मा के प्राइवेट कर्मचारी का ऑडियो भी वायरल हुआ था। पिछले 15 दिन में ऐसे कई ऑडियो वायरल हुए हैं, जिसमें डीलरों से लेनदेन की बात हो रही हैं। इसकी शिकायत भी क्षेत्रीय लोगों ने डीएम से की। इसमें आरोप पूर्ति निरीक्षक पर ही लगाए हैं।
पूर्व में तो इस मामले की जांच डीएम सर्वज्ञराम मिश्र ने जिलापूर्ति अधिकारी को दी थी, लेकिन अब इस मामले में डिप्टी कलक्टर राहुल यादव को नियुक्त कर दिया गया है। इस पर डिप्टी कलक्टर ने पूर्ति निरीक्षक पारुल शर्मा को नोटिस जारी करते हुए जवाब मांगा है।