अलीगंज के बीजेपी विधायक सत्यपाल राठौर से मांगी दस लाख की रंगदारी
- फोटो : अमर उजाला
एटा। अलीगंज विधानसभा के भाजपा विधायक से व्हाट्सएप के माध्यम से दस लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई है। धमकी देने वाले ने रंगदारी न देने पर परिजनों की हत्या करने की धमकी दी है। है। धमकी मिलने के बाद विधायक और उनका परिवार दहशत में है। विधायक ने मामले की जानकारी एसएसपी को दी। पुलिस धमकी मिलने वाले नंबर का पता करा रही है।
प्रदेश के अन्य भाजपा नेताओं के बाद अब अलीगंज विधायक से व्हाट्स एप के माध्यम से रंगदारी मांगी गई है। अलीगंज विधायक सत्यपाल राठौर ने बताया कि उनके मोबाइल पर रात करीब दो बजे व्हाट्सएप पर दस लाख की रंगदारी देने की धमकी दी गई।
विधायक ने दस लाख की रंगदारी न देने की बात कही तो धमकी देने वाले ने परिजनों की हत्या करने की धमकी दे डाली। धमकी देने वाले ने विधायक को बताया कि उसका कोई आदमी उनके नजदीक है। धमकी देने वाले ने रुपये डालने के लिए डिटेल डालने के साथ ही अपने करीबी से बात करने के लिए उसका नंबर भी दिया है।
अचानक मिली सत्ता पक्ष के विधायक को धमकी के बाद क्षेत्र भर में चर्चा का विषय बना हुआ है। विधायक सत्यपाल राठौर ने बताया कि धमकी वाले मामले की उन्होंने एसएसपी अखिलेश चौरसिया को जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि मामले की तहरीर लखनऊ में दी गई है।
मामले की मौखिक सूचना दी गई है। जिन विधायकों को अभी तक धमकी मिली है, उन सभी का मोबाइल नंबर एक ही है। साथ ही लोकेशन एक ही निकलकर आ रही है। विधायक को धमकी की जांच लखनऊ उच्च स्तर से ही की जा रही है।
अखिलेश चौरसिया, एसएसपी