उज्जवला योजना के तहत निशुल्क गैस सिलेंडर बांटे
खैरगढ। उज्जवला योजना के तहत आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान दस लाभार्थी महिलाओं को गैस सिलैंडर व चूल्हा वितरित किए गए। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष बीएल वर्मा आदि मौजूद रहे।
कस्बा स्थित एसजीएम इंटर कॉलेज में उज्जवला योजना के तहत कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष बीएल वर्मा,किसान नेता सत्यपाल सिंह और राजेश चौहान आदि की मौजूदगी में दस लाभार्थी महिलाओं को निशुल्क गैस चूल्हा, गैस सिलैंडर एवं रेग्यूलेटर वितरित किए गए। इस दौरान पूर्ति निरीक्षक सर्वेश कुमार मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन सुधादेवी ने किया।
फरिहा नगर पंचायत की बैठक में हुआ हंगामा
फरिहा। जन समस्याओं का समाधान नहीं होने पर फरिहा नगर पंचायत के सभासदों ने बोर्ड मीटिंग में हंगामा किया।
शुक्रवार को नगर पंचायत फरिहा की बोर्ड बैठक आयोजित हुई। बैठक में मौजूद सभासद विशाल भारद्वाज, दिलीप झा, शिखा, अनीतादेवी, नेहा कुमार एवं मूलचंद्र आदि का आरोप था कि कस्बा में साफ-सफाई व्यवस्था पटरी से उतर चुकी है। यही नहीं नगर पंचायत के अधिकारी जन समस्याओं व जनहित के कार्यों पर ध्यान नहीं दे रहे। इस मुद्दे पर ईओ आलोक रंजन व सभासदों के मध्य हॉट-टॉक भी हुई। हालांकि बाद में नगर पंचायत अब्दुल हई व अन्य सभासदों के समझाने के बाद मामला शांत हुआ।