टाउनशिप (मथुरा)। एक सीआरपीएफ जवान के नाबालिग बेटे ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इससे पूर्व उसने बड़ी बहन से शनिवार की रात 10:30 बजे तक चैटिंग की। किशोर ने मां के कमरे की बाहर से कुंडी लगाई और खुद दूसरे कमरे में बंद होकर फांसी लगा ली।
रविवार की सुबह होने पर अपने कमरे की कुंडी काटकर बाहर निकली मां ने पड़ोसियों की मदद से दरवाजा तोड़ा। देखा तो इकलौता बेटा पंखे के सहारे फं दे पर लटका हुआ था। पुलिस ने किशोर का लैपटॉप कब्जे में ले लिया है। आत्महत्या का कारण ज्ञात नहीं हो सका।
शामली जनपद के एक गांव निवासी सीआरपीएफ जवान अपने परिवार के साथ मथुरा में रह रहे हैं। आठ दिन पहले कर्नाटक में चुनाव ड्यूटी पर चले गए। राजवीर की पत्नी और 16 वर्षीय बेटा रोहित घर में अकेले रह गए। बड़ी बेटी दिल्ली में पढ़ाई कर रही है। 10वीं कक्षा में पढ़ने वाला रोहित शनिवार की रात नौ बजे क्रिकेट खेलकर आया और खाना खाया।
इसके बाद रात 10:30 बजे तक बड़ी बहन से मोबाइल पर बात और चैटिंग करता रहा। कुछ देर मां के पास कमरे में लेटने के बाद उठकर दूसरे कमरे में चला गया। जाते हुए मां के कमरे की बाहर से कुंडी लगा गया।
फिर दूसरे कमरे में अपने को बंद करने के बाद फांसी लगाकर जान दे दी। सूचना पर पहुंची रिफाइनरी पुलिस ने शव को पंखे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। प्रभारी निरीक्षक डा. विनोद कुमार पायल ने बताया कि पूछताछ में आत्महत्या का कारण ज्ञात नहीं हो सका है।