बरनाहल (मैनपुरी)। थाना क्षेत्र के दिहुली चौराहे पर बिजली के लटकते तारों में मंगलवार को ट्रक फंस गया। ट्रक से तार खिंचते ही समीप रखे ट्रांसफार्मर में भी धमाका हो गया। चालक-खलासी ने कूद कर किसी तरह अपनी जान बचाई। हादसे से मौके पर अफरा तफरी मच गई। गनीमत रही ट्रांसफार्मर में धमाका होते ही बिजली आपूर्ति बंद हो गई, वरना बड़ी दुर्घटना भी संभव थी।
थाना क्षेत्र के गांव चंदीकरा की ओर से आ रहा एक ट्रक मंगलवार को अपराह्न करीब 3:30 बजे दिहुली चौराहे के समीप पहुंचा, तभी ढीले होकर लटक रहे बिजली के तार में फंस गया। चालक ने ट्रक रोकने की बजाय आगे बढ़ाया, जिससे केबल में चिंगारिया उठने लगीं।
जब तक लोगों ने ट्रक चालक को रुकने का इशारा किया, तब तक खिंचाव के चलते समीप रखे ट्रांसफार्मर में तेज धमाका हुआ। इससे चौराहा के आसपास खडे़ लोगों में भगदड़ मच गई। इसी समय एक स्कूल की छुट्टी भी हुई थी। छात्र-छात्राएं भी भयभीत होकर इधर-उधर भागने लगे।
चालक और खलासी ने भी ट्रक से कूद कर जान बचाई। लोगों ने सूचना देकर उपकेंद्र से सप्लाई बंद कराई। लोगों का कहना है कि समय रहते बिजली नहीं कटती तो वहां बड़ा हादसा हो सकता था। हादसे में सभी लोग बाल बाल बच गए।